वकीलों ने की पेन डाउन की घोषणा
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
बैंकशाल अदालत परिसर में वकीलों पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपी रमन कुमार मिश्रा को अदालत ने 9 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। शुक्रवार को हेयर स्ट्रीट थाना पुलिस ने आरोपी को बैंकशाल अदालत के कार्यवाहक न्यायाधीश बैशाखी चौधरी के समक्ष पेश किया था, जहां पुलिस की अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कस्टडी का निर्देश दिया।मामले की जानकारी देते हुए बैंकशाल कोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव राजा सेनगुप्ता ने अदालत को बताया कि वह स्वयं इस मामले के शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने घटना का ब्योरा देते हुए कहा कि गुरुवार को जब पुलिस दीपक व्यापारी नाम के एक यूट्यूबर को अदालत परिसर में लेकर आई, तो कुछ बाहरी तत्व उस पर अंडे फेंकने लगे। वहां मौजूद वकीलों ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो उन बाहरी लोगों ने वकीलों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक हमले में चार वकील घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।बार एसोसिएशन की ओर से वकील सुजय घोष ने अदालत में कहा कि वकीलों के साथ मारपीट के अलावा एक महिला वकील के साथ छेड़छाड़ भी की गई है। बार ने इस घटना के विरोध में काम बंद का आह्वान किया है। साथ ही, बार की ओर से हेयर स्ट्रीट थाने के प्रभारी अधिकारी को अदालत में पेश होने का निर्देश देने की मांग की गई है। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने जोरदार बहस करते हुए कहा कि बाहरी तत्वों का अदालत परिसर में घुसकर वकीलों पर हमला करना बेहद गंभीर विषय है। इससे समाज में बहुत गलत संदेश जा रहा है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी बेहद जरूरी है। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कार्यवाहक न्यायाधीश बैशाखी चौधरी ने आरोपी रमन कुमार मिश्रा को 9 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश सुनाया। बार एसोसिएशन के सचिव राजा सेनगुप्ता ने बताया कि घटना के संबंध में हेयर स्ट्रीट थाने के ओसी के भी अदालत में उपस्थित होने की संभावना है।