विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट एयरपोर्ट जोन की डिप्टी कमिश्नर ऐश्वर्या सागर चेक सौंपती हुई 
कोलकाता सिटी

साइबर ठगी के शिकार लोगों को वापस मिले 2 करोड़ रुपये

बिधाननगर : साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत देते हुए बागुईआटी थाने की पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की रकम बरामद कर पीड़ितों को वापस दिलाई है। गुरुवार को इस संबंध में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 50 पीड़ितों को चेक सौंपे गए। पुलिस की इस पहल से ठगी के शिकार लोगों के चेहरों पर राहत दिखाई दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन महीनों के दौरान बागुईआटी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के कई मामले दर्ज किए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की साइबर टीम ने विभिन्न बैंकों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ समन्वय कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कई संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज किया गया और ठगी की रकम को ट्रेस कर वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच में सामने आया कि ठग लोगों को निशाना बनाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे थे। इनमें डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर पैसे ऐंठना, निवेश के नाम पर ठगी करना, होटल बुकिंग के बहाने धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी के बाद ऑनलाइन लेन-देन कर रकम निकाल लेना जैसे तरीके शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां अधिकतर वरिष्ठ नागरिक इस तरह के अपराधों का शिकार होते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में युवा भी ठगों के जाल में फंस रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या निवेश ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें और ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

SCROLL FOR NEXT