सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीमा पार से होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने बांग्लादेश और भूटान की सीमा से सटे क्षेत्रों में 11 नए पुलिस आउटपोस्ट स्थापित करने की मंजूरी दी है। इन चौकियों के संचालन के लिए कुल 209 नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
प्रत्येक पुलिस चौकी में तैनात होंगे 19 पुलिसकर्मी
योजना के तहत प्रत्येक पुलिस आउटपोस्ट में एक सब-इंस्पेक्टर, तीन असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और 15 कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। इन चौकियों के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अलीपुरदुआर में बनेंगी सात नई चौकियां
सरकार की योजना के अनुसार, सबसे अधिक सात पुलिस चौकियां अलीपुरदुआर जिले में स्थापित की जाएंगी। ये सभी भूटान सीमा से सटे इलाकों में होंगी। प्रस्तावित स्थानों में समुकतला थाना क्षेत्र का हातीपोता, जयगांव थाना क्षेत्र का पासाखा, बीरपाड़ा थाना क्षेत्र के लंकापाड़ा और बांदापानी, मदारीहाट थाना क्षेत्र का हांतापाड़ा, कुमारग्राम थाना क्षेत्र का संकोश तथा कालचीनी थाना क्षेत्र का चुआपाड़ा शामिल हैं।
मालदा और कालिम्पोंग में भी होंगी नई चौकियां
बांग्लादेश सीमा से सटे मालदा जिले में तीन नई पुलिस चौकियां स्थापित करने की योजना है। इनमें बामनगोला थाना क्षेत्र के लानागोला और पकुआ हाट शामिल हैं। वहीं, भूटान सीमा से जुड़े कालिम्पोंग जिले के जलढाका थाना क्षेत्र के तोड़े में एक नई पुलिस चौकी बनाई जाएगी।
गश्त और खुफिया तंत्र होगा मजबूत
अधिकारियों के अनुसार, नई पुलिस चौकियों के शुरू होने से दूरदराज के सीमावर्ती गांवों तक पुलिस की पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही नियमित गश्त तेज करने, स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी। प्रशासन का लक्ष्य निर्माण कार्य और पुलिसकर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करना है। योजना के मुताबिक, सभी 11 पुलिस चौकियों को इसी वर्ष के भीतर चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।