File Photo 
कोलकाता सिटी

आयुष की मौत : न्याय की मांग पर फिर प्रदर्शन, विरोध जारी

अभिभावकों ने गिरफ्तारी की मांग दोहरायी

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में एक निजी स्कूल में छात्र की मौत को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्कूल की कथित लापरवाही के आरोप में गुरुवार को एक बार फिर अभिभावकों के एक वर्ग ने स्कूल के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।

दोपहर से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान स्थानीय लोगों तथा अभिभावकों ने सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन में कुछ स्कूली बच्चों ने भी हिस्सा लिया, जो स्कूल यूनिफॉर्म में थे। अभिभावकों की मुख्य मांग थी कि स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास टीचर और एक अन्य अधिकारी को गिरफ्तार किया जाए। उनका आरोप है कि पुलिस ने पहले गिरफ्तारी की बात कही थी, लेकिन बाद में केवल पूछताछ कर छोड़ दिया गया।

यह घटना 13 मई की है, जब आठ वर्षीय छात्र आयुष कुमार नाथ स्कूल में अचानक बीमार पड़ गया था। परिजनों का आरोप है कि कक्षा के दौरान तबीयत बिगड़ने के बावजूद शिक्षिका ने कोई गंभीर कदम नहीं उठाया और न ही उसे घर भेजने की व्यवस्था की गई। कथित तौर पर छात्र को लंबे समय तक सिर झुकाकर बैठने को कहा गया। छुट्टी के समय सीढ़ियों से उतरते समय वह गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां लगभग 10 दिनों तक अचेत रहने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नेताजी नगर थाने में स्कूल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मंगलवार को स्कूल के तीन अधिकारियों से पूछताछ की थी।

हालांकि, आरोप है कि पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और अभिभावक लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT