फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पार्किंग विवाद में मुक्के से हमला, वृद्ध ऑटो चालक की मौत

जोड़ाबागान थाना इलाके की घटना, अभियुक्त गिरफ्तार

कोलकाता : जोड़ाबागान थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमतला घाट स्ट्रीट में पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। महज एक बहस के दौरान हुए हमले में 60 वर्षीय ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम सुनील मिश्रा (60) है। वह बड़तल्ला के रमेश दत्ता स्ट्रीट का रहनेवाला था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर सुबीर पाल (66) को गिरफ्तार कर लिया है। वह मध्यमग्राम का रहनेवाला है। गुरुवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किए जाने पर आरोपित को 18 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पार्किंग को लेकर छिड़ी थी बहस

पुलिस की प्राथमिक जांच और चश्मदीद बिजय कुमार पासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, घटना की जड़ में ऑटो की पार्किंग को लेकर हुआ विवाद था। मृतक सुनील मिश्रा, जो बड़तल्ला इलाके के निवासी थे, पेशे से ऑटो चालक थे। नीमतला घाट स्ट्रीट पर पार्किंग को लेकर सुबीर पॉल के साथ उनकी कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान तैश में आकर सुबीर पॉल ने सुनील मिश्रा के सीने पर ताबड़तोड़ घूंसे और मुक्कों से प्रहार किया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुनील मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जोड़ाबागान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित सुबीर पॉल (66) को दबोच लिया। आरोपित उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मौत के सटीक कारणों और आंतरिक चोटों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को गहन पूछताछ के लिए 18 मई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।


SCROLL FOR NEXT