कोलकाता : वरिष्ठ CPM नेता और अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य के पूर्वी जाधवपुर स्थित आवास पर गुरुवार सुबह करीब पांच बजे हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने घर के बाहर से कांच की बोतलें फेंकीं और CCTV कैमरे तथा खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चेहरा ढका एक व्यक्ति दोपहिया वाहन से घर के बाहर पहुंचता दिखाई दे रहा है।
बैग से बोतलें निकालकर घर पर फेंकने का आरोप
CCTV फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध मोटरसाइकिल से आवास के बाहर पहुंचा और वाहन खड़ा करने के बाद बैग से कथित तौर पर कांच की बोतलें निकालकर एक-एक कर घर की ओर फेंकीं। आरोप है कि इस दौरान उसने गाली-गलौज और धमकी भी दी। भट्टाचार्य के अनुसार, हमलावर ने कथित तौर पर कहा, “हमसे उलझो मत, हम देशभक्त हैं।”
भट्टाचार्य ने ‘हिंदुत्ववादी गुंडों’ पर लगाया आरोप
पूर्व राज्यसभा सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य ने हमले के लिए कथित तौर पर ‘हिंदुत्ववादी गुंडों’ को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय घर में मौजूद उनके घरेलू सहायक बाल-बाल बच गए। भट्टाचार्य के मुताबिक, हमलावरों ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, हमलावर की पहचान पर नजर
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। भट्टाचार्य ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई है। अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और हमले के कारणों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिवक्ता के आवास पर हुई घटना को लेकर कुछ वकीलों ने भी चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच के बाद हमले की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट होने की उम्मीद है।