कोलकाता : छठ पूजा समिति, केस्टोपुर में निवासरत मिथिलावासियों के तत्वावधान में चंडीबेरिया स्थित चित्रकूट घाट पर लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर उपस्थित हुए।
इस आयोजन की विशेषता यह रही कि मिथिलावासियों के साथ-साथ बंगाली भाषी समाज एवं अन्य समुदायों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा घाट भक्ति, श्रद्धा, सामाजिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक एकता के रंग में सराबोर नजर आया।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष विजय झा की उपस्थिति में श्री प्रमोद झा ने आगंतुक अतिथियों का मिथिला की पारंपरिक पहचान पाग एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीयतापूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर उपस्थित मिथिला विकास परिषद के अध्यक्ष श्री अशोक झा ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, जल, सूर्य और मानव जीवन के बीच अटूट संबंध का संदेश देने वाला महान लोकपर्व है।
यह पर्व हमें अस्ताचलगामी सूर्य को भी उसी श्रद्धा से प्रणाम करना सिखाता है, जिस श्रद्धा से हम उदीयमान सूर्य की उपासना करते हैं। यही छठ का सबसे बड़ा जीवन-दर्शन है कि जीवन में अस्त और उदय, दोनों का समान रूप से सम्मान होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि छठ पूजा जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता, स्वच्छता, अनुशासन, त्याग एवं लोककल्याण की भावना को सुदृढ़ करती है। कोलकाता की धरती पर बंगाली भाषियों एवं अन्य समुदायों की उत्साहपूर्ण सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि छठ अब केवल मिथिला या बिहार तक सीमित पर्व नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोने वाला जनआस्था का महापर्व बन चुका है।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध मैथिली गायिका चांदनी झा 'चकोर' एवं गायक गौरव झा ने अपनी सुमधुर मैथिली गीतों की प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रोताओं ने गीत-संगीत का भरपूर आनंद लिया और पूरा वातावरण मैथिली लोकसंस्कृति के रंग में रंग गया।
आयोजन के दौरान समिति के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं स्वयंसेवकों ने छठव्रतियों की सुविधा, सेवा एवं सहयोग के लिए समुचित व्यवस्थाएं कीं। व्रतियों के प्रति सेवा, समर्पण एवं सम्मान की भावना ने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में सर्वश्री रमाकांत झा, देवेंद्र झा, हरेराम झा, वेदानन्द झा, मणिकांत झा, लालेश्वर पाठक, विजय झा, भुवनेश्वर दास, अशोक गुप्ता, मिलन सिंह एवं शंभू दास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
अंत में छठ पूजा समिति, चंडीबेरिया की ओर से सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता एवं पारस्परिक सद्भाव की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।