सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने श्रीरामपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भाजपा श्रीरामपुर संगठनात्मक जिला के उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेत्री व पार्षद शशि सिंह झा सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान रेल मंत्री ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कई रेलवे परियोजनाएं राज्य सरकार के असहयोग के कारण अटकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहले की तुलना में तीन गुना अधिक बजट बंगाल में रेलवे विकास के लिए दिया है। वर्तमान में राज्य के लिए लगभग 14,200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि करीब 93 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल 27 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण ही हो पाया है, जबकि 73 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण अभी बाकी है। रेल मंत्री ने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में कोलकाता मेट्रो रेल का तेजी से विस्तार हुआ है और लगभग 45 किलोमीटर तक इसका विस्तार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिंगड़ीघाटा मेट्रो रेल परियोजना भी राज्य सरकार के असहयोग के कारण अटकी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में करोड़ों रुपये की कई रेलवे परियोजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन को जगन्नाथ मंदिर के मॉडल पर विकसित करने की योजना है। वहीं, जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के सचिव पियाल अधिकारी ने बताया कि रथयात्रा के दौरान महेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए श्रीरामपुर और रिसड़ा के बीच एक हाल्ट स्टेशन बनाने के लिए रेल मंत्री को आवेदन दिया गया है।