रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: जिले के ठाकुरपुकुर-महेशतला ब्लॉक के आशुति प्लाजा और समीपवर्ती सरशुना इलाके में एक ही रात में सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं से हड़कंप मच गया। आरोप है कि एक कार्यालय सहित करीब 10 खाली मकानों के ताले तोड़कर नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। 11 फरवरी को आशुति कालितला थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच की जिम्मेदारी डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने संभाली। कालितला-आशुति थाने के पुलिस नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। पुलिस ने इलाके के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सरिशा इलाके से एक ही परिवार के दो भाइयों—कचि मिस्त्री और छोट्ट मिस्त्री—को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उनका एक अन्य भाई अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन सोने की चेन समेत कुल 11 सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कई चोरियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अभियुक्तों को अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। लगातार चोरियों से दहशत में आए स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर राहत की सांस ली है।