केन्द्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ABHISHEK SHUKLA
कोलकाता सिटी

सिंगुर में अशोक लेलैंड लगाएगी ट्रक निर्माण संयंत्र

केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार ने की घोषणा, जल्द शुरू हो सकता है काम

Deepak Mishra

टाटा नैनो परियोजना बंद होने के करीब 18 साल बाद औद्योगिक विकास की नई उम्मीद

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हुगली जिले के सिंगुर में एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार ने शनिवार को घोषणा की कि वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड यहां ट्रक निर्माण संयंत्र स्थापित करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि परियोजना पर जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। करीब 18 साल पहले टाटा मोटर्स की नैनो कार परियोजना के बंद होने के बाद यह सिंगुर के औद्योगिक भविष्य को लेकर एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आईआईटी खड़गपुर कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मजुमदार ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित इकाई में भारी वाहनों का निर्माण किया जाएगा और सिंगुर को फिर से औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों की वापसी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री भी इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जता चुके हैं। अशोक लेलैंड की प्रस्तावित इकाई इसी प्रयास का हिस्सा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पांच नवंबर को बताया था कि राज्य सरकार सिंगुर में भारी वाहन निर्माण इकाई लगाने के लिए अशोक लेलैंड के साथ शुरुआती स्तर पर बातचीत कर रही है। हालांकि, उस समय उन्होंने किसी औपचारिक घोषणा में जल्दबाजी नहीं करने की बात कही थी। उनका कहना था कि सरकार केवल प्रचार के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने के बजाय ऐसी परियोजनाओं पर ध्यान देगी, जिन्हें वास्तव में जमीन पर उतारा जा सके। फिलहाल प्रस्तावित संयंत्र को लेकर निवेश की कुल राशि, संभावित रोजगार, निर्माण क्षमता और परियोजना पूरी होने की समयसीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गई हैं। ऐसे में इसकी वास्तविक प्रगति पर सबकी नजर रहेगी।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने राज्य में औद्योगिक अवसरों का लाभ नहीं उठा पाने के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल भी इस क्षेत्र में ताइवान जैसी पहचान बना सकता था। उनके मुताबिक, तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार ने कंप्यूटर के विरोध के कारण तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध अवसर गंवा दिए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी उद्योगीकरण के वादों को वास्तविक परियोजनाओं में तब्दील नहीं कर पाने का आरोप लगाया।

नैनो परियोजना से जुड़ा है सिंगुर का राजनीतिक इतिहास

सिंगुर का औद्योगिक इतिहास पश्चिम बंगाल की राजनीति के सबसे चर्चित अध्यायों में शामिल रहा है। वर्ष 2006 में तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार ने टाटा मोटर्स की छोटी कार नैनो परियोजना के लिए करीब 997 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के नेतृत्व में इस परियोजना को राज्य के औद्योगिक विकास की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, कृषि भूमि अधिग्रहण के विरोध में तत्कालीन विपक्षी नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन शुरू हुआ। लंबे संघर्ष और राजनीतिक विरोध के बाद वर्ष 2008 में टाटा मोटर्स ने सिंगुर से अपनी परियोजना हटाकर गुजरात के साणंद में स्थापित करने का फैसला किया। इस आंदोलन ने वर्ष 2011 के विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाई और ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई। इसके साथ ही राज्य में वाम मोर्चा के 34 वर्षों के शासन का अंत हुआ। बाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद अधिगृहीत भूमि किसानों को लौटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। अब अशोक लेलैंड की प्रस्तावित इकाई को सिंगुर में औद्योगिक गतिविधियों की वापसी के नए अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक घोषणाओं से आगे बढ़कर परियोजना को वास्तविक निवेश, निर्माण कार्य और रोजगार सृजन तक पहुंचाना ही इसकी सफलता का असली पैमाना होगा।


SCROLL FOR NEXT