कोलकाता : दुर्गापूजा से छठ महापर्व तक मिथिला जाने वाले यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों में होने वाली परेशानियों को लेकर मिथिला विकास परिषद ने रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। परिषद के अध्यक्ष अशोक झा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों को होने वाली समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया है। साथ ही, इनका शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
अशोक झा ने पत्र में कहा है कि त्योहारों के अवसर पर मिथिला के लिए चलाई जाने वाली अधिकांश स्पेशल ट्रेनें निर्धारित समय से चार से आठ घंटे तक विलंब से पहुंचती हैं। इसके बावजूद यात्रियों से सामान्य ट्रेनों की अपेक्षा अधिक किराया लिया जाता है। उन्होंने इसे यात्रियों के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।
पत्र में ट्रेनों की अन्य व्यवस्थागत खामियों का भी उल्लेख किया गया है। अशोक झा के अनुसार, सभी श्रेणियों के कोचों के शौचालयों में पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रहती। तत्काल टिकटों की बुकिंग में दलालों के कथित प्रभाव के कारण आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में कठिनाई होती है। वहीं, ट्रेनों में खानपान सामग्री बेचने वाले कुछ वेंडरों पर निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक, यहां तक कि दोगुनी कीमत वसूलने के आरोप भी लगाए गए हैं।
परिषद अध्यक्ष ने रेल मंत्री से स्पेशल ट्रेनों का समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने, किराए की समीक्षा करने, शौचालयों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा तत्काल टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने ओवरचार्जिंग करने वाले वेंडरों के विरुद्ध नियमित जांच और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अशोक झा ने कहा कि कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत मिथिलावासियों के लिए दुर्गापूजा से छठ तक अपने घर लौटना महज यात्रा नहीं, बल्कि परिवार और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का भावनात्मक अवसर है। ऐसे में रेलवे को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मिथिला विकास परिषद ने रेल मंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित, समयबद्ध और किफायती रेल सेवा मिल सके।