कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले जहां अधिकांश कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर दिया गया है, वहीं आशा कर्मी अब भी अपने वेतन, बोनस और इंसेंटिव के लिए इंतजार कर रही हैं। इसी मांग को लेकर पश्चिम बंग पौर स्वास्थ्य कर्मी कांट्रैक्चुल यूनियन ने गुरुवार को नगर निगम के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही आशा कर्मियों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से वेतन और अन्य बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा, उनके मोबाइल बिल का भुगतान भी पिछले आठ महीनों से लंबित है। उनका कहना है कि बकाया भुगतान नहीं होने के बावजूद उनसे लगातार काम लिया जा रहा है और उन पर काम का अतिरिक्त बोझ भी बढ़ाया जा रहा है। आशा कर्मियों के मुताबिक, इससे पहले भी उन्होंने अपनी मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया था। उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि एक सप्ताह के भीतर उनके बकाये का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। आखिरकार, मजबूर होकर उन्हें गुरुवार को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
आशा कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को भी संबंधित अधिकारियों से मिला। अधिकारियों की ओर से गुरुवार शाम को दो महीने के बकाये और एक महीने के एरियर का भुगतान करने की बात कही गई। हालांकि, आशा कर्मियों ने इस पर भी संदेह जताया है कि वास्तव में तय राशि का भुगतान होगा या नहीं। आशा कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनके सभी बकाये का भुगतान नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द वेतन, बोनस, इंसेंटिव और मोबाइल बिल समेत सभी लंबित भुगतानों को चुकाने की मांग की है।