‘ड्रीम्स ऑन कैनवास’ 
कोलकाता सिटी

नेशनल हाई स्कूल के विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने मोहा मन, ‘ड्रीम्स ऑन कैनवास’ प्रदर्शनी संपन्न

बिड़ला एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर में छह दिवसीय कला प्रदर्शनी, 200 से अधिक चित्रों के जरिए बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

Ravi

कोलकाता : नेशनल हाई स्कूल की ओर से आयोजित छह दिवसीय कला प्रदर्शनी ‘ड्रीम्स ऑन कैनवास’ का समापन 22 नवंबर को बिड़ला एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर में हुआ। 17 नवंबर को प्रसिद्ध चित्रकार समीर ऐच ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इन चित्रों में बच्चों के सपने, भावनाएं और आत्मविश्वास झलकते हैं।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार 200 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इनमें जलरंग, तैलचित्र, स्केच, पोर्ट्रेट, हस्तशिल्प तथा प्रकृति, समाज और भविष्य के सपनों पर आधारित चित्र शामिल थे।

दूसरे दिन नंदन आर्ट स्कूल की प्राचार्या चंद्रा दासगुप्ता और प्रसिद्ध ग्राफिक आर्टिस्ट बिनिता बंद्योपाध्याय ने अतिथि के रूप में शिरकत की। तीसरे दिन कोलकाता के चित्रकार एवं मूर्तिकार देबाशीष मल्लिक चौधरी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समापन दिवस पर प्रसिद्ध बंगाली कार्टूनिस्ट, इलस्ट्रेटर एवं यात्रा-वृत्तांत कलाकार देबाशीष देब उपस्थित रहे।

एन. आर. अय्यर मेमोरियल एजुकेशन सोसाइटी के अंतर्गत संचालित विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा और भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए मंच देना है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों और कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

SCROLL FOR NEXT