फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

अलीपुर कोर्ट में पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के खिलाफ प्रदर्शन, अंडे फेंके

घंटों चेंबर में ही फंसे रहे पूर्व मंत्री, पुलिस वाहन में कोर्ट से बाहर निकले अरूप

कोलकाता : राज्य के पूर्व खेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता अरूप विश्वास गुरुवार को अलीपुर जज कोर्ट परिसर में एक एडवोकेट के चेंबर में घंटों फंसे रहे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने वाहन में पूर्व मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे पहले कुछ लोगों ने एडवोकेट के चेंबर के बाहर हाथ में अंडा लेकर अरूप विश्वास के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी युवा भारती क्रीड़ांगन में आयोजित लियोनेल मेस्सी कार्यक्रम के टिकटधारकों को रुपये वापस करने की मांग कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, अरूप विश्वास एक कानूनी परामर्श के लिए अधिवक्ता गोपाल हलदार से मिलने पहुंचे थे। उनके अदालत पहुंचने की खबर फैलते ही कुछ वकील हाथों में अंडे लेकर चैंबर के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी मेस्सी कार्यक्रम के टिकट खरीदने वाले लोगों का पैसा लौटाने की मांग कर रहे थे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख वकीलों के एक अन्य समूह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन बढ़ने पर अरूप विश्वास लंबे समय तक अधिवक्ता के चैंबर के भीतर ही रहे। हालात बिगड़ते देख चैंबर की बत्तियां भी बंद कर दी गईं। अंततः शाम करीब 6:15 बजे कोलकाता पुलिस मौके पर पहुंची और अरूप विश्वास को सुरक्षित बाहर निकालकर ले गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनकी ओर अंडे भी फेंके। गौरतलब है कि मेस्सी कार्यक्रम से जुड़े मामले में पुलिस ने उन्हें पहले तीन बार तलब किया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए थे। इस बार उन्होंने पूछताछ में हिस्सा लिया।

मेस्सी दौरे को लेकर उठा था विवाद

उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर को अर्जेंटीना के फुटबॉल स्टार लियोनेल मेस्सी कोलकाता आए थे। उस दौरान युवा भारती क्रीड़ांगन में भारी अव्यवस्था की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप लगा था कि अरूप विश्वास और उनके करीबी मेस्सी के काफी करीब पहुंच गए थे, इस कारण कार्यक्रम प्रभावित हुआ और मेस्सी को कुछ ही मिनटों में मैदान छोड़ना पड़ा। इस घटना के बाद व्यापक आलोचना का सामना करते हुए अरूप विश्वास ने खेल मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

SCROLL FOR NEXT