सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : अरण्य सप्ताह के उपलक्ष्य में बजबज ब्लॉक अंतर्गत बवाली भारती संघ की ओर से व्यापक पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान ऑक्सीजन उत्पादक, ईंधन उत्पादक और आर्थिक दृष्टि से उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बीच उनका वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बवाली भारती संघ के तत्वावधान में किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित माई भारत तथा केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्रालय के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रजत शुभ्र नस्कर ने वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग, पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वृक्षारोपण की वैज्ञानिक विधियों, विभिन्न प्रजातियों के पौधों की उपयोगिता तथा उनके पर्यावरणीय और आर्थिक महत्व की भी जानकारी दी। इस अवसर पर एनेस्थेटिस्ट डॉ. मनीष मंडल, रवींद्रनाथ राय, युधिष्ठिर राय, अजीत राय, प्रणवेश मंडल, समर मंडल, सुशांत सांतरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।