राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
बजबज : मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार को बजबज में स्थानीय महिलाओं से मुलाकात कर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थी जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता का लाभ समय पर मिल सके। आगे मंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के तहत योग्य महिलाओं को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से योजना के प्रति जागरूक होने और अन्य जरूरतमंद महिलाओं को भी इससे जोड़ने का आग्रह किया। अन्नपूर्णा भंडार योजना का आवेदन पत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। इच्छुक महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि आवेदन पत्र जमा करने की समय सीमा 90 दिन निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय महिलाएं शीघ्र आवेदन करें, जिससे प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और उन्हें योजना का लाभ प्राप्त हो।