कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर स्थित अजेय संघति क्लब में रविवार देर रात कथित तौर पर हथियारों से लैस लोगों के एक समूह के घुसने और क्लब सदस्यों के साथ मारपीट करने की घटना सामने आई है। घटना में कम से कम दो लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायल क्लब सदस्य अरिजीत नंदी के सिर में चोट लगने की बात कही गई है। यह क्लब 61 वर्ष पुराना बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, हमलावर कथित तौर पर बाइक से क्लब परिसर में पहुंचे। क्लब सदस्यों का आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और परिसर में तोड़फोड़ की। क्लब की ओर से यह भी दावा किया गया है कि सीसीटीवी नेटवर्क को नुकसान पहुंचाने के साथ उसकी हार्ड ड्राइव भी ले जाई गई। सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को क्लब कार्यालय में घुसते और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट करते देखा गया है। निर्माणाधीन पूजा पंडाल को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।