अलीपुर में गुरुवार को ट्रिब्यूनल शिविर में दस्तावेज जमा करते लोग 
कोलकाता सिटी

अलीपुर जिला मुख्यालय के ट्रिब्यूनल शिविर में लगीं लंबी कतारें

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अलीपुर जिला मुख्यालय के ट्रिब्यूनल शिविर में गुरुवार को मतदाता सूची से हटाये गये सैकड़ों लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से लोग अपने-अपने दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचे थे। यह शिविर पिछले एक सप्ताह से लगाया जा रहा है। कई लोगों का कहना है कि फॉर्म-6 भरने के बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी पहुंचे, वहीं कुछ लोग अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर आए थे। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्पेशल इंटेंसिव रिविजन के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ट्रिब्यूनल शिविर में दस्तावेज जमा करने के बाद अपीलकर्ताओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं। विष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र के चटा कालीपुर निवासी कालो शेख ने बताया कि 1995 में उनके वोटर कार्ड में नाम उनका नाम ‘शेख जछारुद्दीन’ था। बाद में अन्य दस्तावेजों में नाम ‘कालो शेख’ होने के कारण उन्होंने शपथ पत्र (एफिडेविट) देकर नाम वोटर कार्ड को संशोधित कर कालो शेख कराया। इसके बावजूद उनका नाम, साथ ही उनकी पत्नी और बेटे का नाम भी मतदाता सूची से हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे वे मानसिक दबाव में हैं और दोबारा नाम जुड़ने की उम्मीद में दस्तावेज जमा किए हैं।

कालो शेख

क्या कहना है जिला प्रशासन का?

जिला अधिकारी ने बताया कि पिछले शनिवार से अलीपुर अनुमंडल सहित काकद्वीप, डायमंड हार्बर, कैनिंग और बारुईपुर में ट्रिब्यूनल शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अलीपुर में आने वाले सभी लोगों के दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, बल्कि संयम बनाए रखते हुए अपने दस्तावेज जमा करें।

SCROLL FOR NEXT