कोलकाता सिटी

एयरटेल बिजनेस ने लॉन्च किया आईक्यू गेटवे

Neha Singh

सन्मार्ग संवाददाता

नई दिल्ली / कोलकाता : एयरटेल बिज़नेस ने सुरक्षित और भरोसेमंद एंटरप्राइज़ कम्युनिकेशन के लिए एयरटेल आईक्यू गेटवे (Airtel IQ Gateway) लॉन्च किया है। कंपनी के अनुसार, यह भारत का पहला टेलीकॉम-ग्रेड नेटवर्क इंटेलिजेंस प्लेटफ़ॉर्म है, जो विभिन्न ग्राहक संचार माध्यमों को एक सुरक्षित और एकीकृत नियंत्रण प्लेटफ़ॉर्म पर लाता है।

डीपीडीपी-अनुपालक यह प्लेटफ़ॉर्म एसएमएस, व्हाट्सऐप, आरसीएस, बिज़नेस वॉइस और नंबर सत्यापन के लिए साइलेंट ऑथेंटिकेशन जैसी सेवाओं को एक ही स्थान से प्रबंधित करने की सुविधा देता है। इससे एंटरप्राइज़ को अलग-अलग सेवा प्रदाताओं और संचार चैनलों को अलग-अलग संभालने की जरूरत कम होती है। साथ ही, उन्हें संदेशों की डिलीवरी, ट्रैफ़िक और संचार प्रदर्शन की बेहतर निगरानी मिलती है।

आज कंपनियों के सामने कई सेवा प्रदाताओं और संचार माध्यमों के प्रबंधन के साथ-साथ मैसेज डिलीवरी की पारदर्शिता, एसएमएस पंपिंग और कृत्रिम रूप से बढ़ाए गए ट्रैफ़िक जैसी चुनौतियाँ हैं। एयरटेल आईक्यू गेटवे इन समस्याओं से निपटने के लिए नेटवर्क-स्तरीय फ्रॉड प्रोटेक्शन, डीएलटी का स्वचालित एकीकरण, सेवा प्रदाता विफल होने पर ऑटोमैटिक स्विचिंग और विभिन्न चैनलों के बीच बुद्धिमत्तापूर्ण रूटिंग उपलब्ध कराता है।

प्लेटफ़ॉर्म में एयरटेल आईक्यू वेरिफाई जैसी नेटवर्क-आधारित सुरक्षा सुविधा शामिल है, जो नेटवर्क, डिवाइस और उपयोग से जुड़े संकेतों का आकलन कर संभावित धोखाधड़ी वाले खातों की पहचान करने में मदद करती है। वहीं, साइलेंट ऑथेंटिकेशन के जरिए ओटीपी एसएमएस के बिना यह सत्यापित किया जा सकता है कि दर्ज किया गया मोबाइल नंबर उसी डिवाइस में सक्रिय सिम से जुड़ा है। इससे सिम-स्वैप और सोशल इंजीनियरिंग जैसे जोखिमों को कम करने में मदद मिलती है।

एयरटेल बिज़नेस के सीईओ शरत सिन्हा ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ प्रत्येक डिजिटल संवाद में भरोसा और सुरक्षा महत्वपूर्ण हो गए हैं। आईक्यू गेटवे के माध्यम से एयरटेल अपनी नेटवर्क-स्तरीय फ्रॉड डिटेक्शन विशेषज्ञता को एंटरप्राइज़ तक पहुँचा रहा है, ताकि बैंक, सरकारी संस्थान, लॉजिस्टिक्स और अन्य व्यवसाय अपने ग्राहकों के साथ अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय संवाद कर सकें।

आईक्यू गेटवे को एंटरप्राइज़ की जरूरतों के अनुसार परिसर में तैनात किया जा सकता है या एयरटेल क्लाउड पर SaaS मॉडल के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। प्लेटफ़ॉर्म का देशभर में सफल परीक्षणों के बाद लॉन्च किया गया है।

SCROLL FOR NEXT