कोलकाता : भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) और बंगाल बिजनेस काउंसिल (BBC) ने पश्चिम बंगाल के MSME क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत BBC से जुड़े MSME सदस्यों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और कारोबार विस्तार से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
SIDBI के DIA (Development & Institutional Assistance) कार्यक्रम के तहत हुई इस साझेदारी से BBC के सदस्य SIDBI की वित्तीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कारोबारी मार्गदर्शन तक सीधे पहुंच बना सकेंगे। इसके अलावा तकनीक अपनाने, बाजार विस्तार, कारोबार को बढ़ाने और नए अवसर तलाशने में भी सहयोग मिलेगा।
SIDBI DIA कार्यक्रम के पश्चिम बंगाल के क्षेत्रीय SPOC सतद्रु साहा ने कहा कि उद्योग संगठनों को मजबूत करना राज्य में अधिक प्रभावी MSME इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
वहीं बंगाल बिजनेस काउंसिल के गवर्निंग बॉडी सदस्य एवं डायरेक्टर-मेंबरशिप एंड आईटी एव्लियो रॉय ने कहा कि साझेदारी से MSME उद्यमियों को वित्तीय, तकनीकी और संस्थागत सहायता उनके करीब उपलब्ध होगी।
MoU पर हस्ताक्षर SIDBI के Institutional Strengthening of Industry Associations विषय पर आयोजित Learnshop के दौरान हुए। कार्यक्रम का आयोजन DIA कार्यक्रम के तहत Grant Thornton Bharat LLP ने किया।
साझेदारी के जरिए MSME सदस्यों के लिए वित्त, तकनीक, बाजार संपर्क, प्रशिक्षण और ज्ञान-विनिमय के अवसर बढ़ाने के साथ राज्य में उद्यमिता, प्रतिस्पर्धा और रोजगार सृजन को समर्थन देने का लक्ष्य रखा गया है।