मंत्री अग्निमित्रा पाल न्यू मार्केट के अवैध गेस्ट हाउस का निरीक्षण करती हुईं 
कोलकाता सिटी

वैध होटलों पर मंत्री अग्निमित्रा का बड़ा एक्शन

बोलीं- गड़बड़ी मिली तो तुरंत सील, बिजली विभाग के अधिकारियों को कनेक्शन काटने का भी निर्देश

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अवैध तरीके से संचालित होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब केवल शो-कॉज नोटिस देकर कार्रवाई नहीं होगी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर होटल या गेस्ट हाउस को सीधे सील किया जाएगा। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को ऐसे प्रतिष्ठानों के कनेक्शन काटने का भी निर्देश दिया गया है। कुछ दिन पहले मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद कोलकाता में अवैध रूप से संचालित होटलों और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे। शनिवार को मंत्री अग्निमित्रा ने मारकुइस स्ट्रीट इलाके में कई होटलों का निरीक्षण किया।

अग्निमित्रा पाल ने यह कहा 

“नोटिस से कोई काम नहीं होता। अगर होटल में मेहमान हैं तो 24 घंटे का समय दें। उसके बाद गेट पर ताला लगाकर होटल सील कर दें। सभी कागजात सही पाए जाने पर ही उसे दोबारा खोला जा सकेगा।”

मंत्री अग्निमित्रा पाल नोटिस देखती हुईं

दो प्रतिष्ठानों पर तत्काल कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान 14 नंबर मारकुइस स्ट्रीट स्थित क्रिस्टल बैंक्वेट और आर.आर. गेस्ट हाउस में कई खामियां मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने केएमसी और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में अग्नि सुरक्षा समेत कई मानकों में कमी पाए जाने पर दोनों को तत्काल सील करने का आदेश दिया गया। बिजली विभाग को कनेक्शन काटने का भी निर्देश दिया गया।

पिछली सरकार पर साधा निशाना

अग्निमित्रा ने आवासीय इमारतों में व्यावसायिक गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर मामला बताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पूर्व मंत्री फिरहाद हकीम पर भी निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि इतने समय तक ऐसे प्रतिष्ठान कैसे चलते रहे। उन्होंने अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

SCROLL FOR NEXT