मुख्य बातें
इन गंतव्यों के लिए सबसे अधिक पूछताछ
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तुर्की और अजरबैजान के बहिष्कार के बाद अब कोलकाता के पर्यटक जापान और दक्षिण कोरिया की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यहां घूमने का अच्छा विकल्प होने के साथ-साथ शॉपिंग के शौकीनों के लिए ये देश सस्ते और आकर्षक विकल्प हैं। ट्रैवल एजेंट्स एसोसियेशन ऑफ इंडिया, ईस्ट के चेयरमैन और एयरकॉम ट्रैवल्स के डायरेक्टर अंजनी धानुका के अनुसार जर्मनी, सिंगापुर, दुबई जैसे देशों के लिए भी बुकिंग्स बढ़ रही हैं। इस बार दुर्गापूजा में पर्यटक इन स्थानों को यात्रा के लिए चुन सकते हैं। इसके दो कारण हैं, एक तो यहां घूमने के लिए अच्छा स्कोप है और दूसरा कोलकातावासी शॉपिंग के शौकीन हैॆं और यहां काफी सस्ते में सामान मिलता है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद तुर्की-अजरबैजान का भारत से बायकॉट जारी
भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद तुर्की और अजरबैजान ने पाकिस्तान का समर्थन किया था। इसके चलते भारतीय पर्यटक और टूर ऑपरेटर इन देशों का बड़े पैमाने पर बहिष्कार कर रहे हैं। जर्मनी, सिंगापुर, दुबई आदि गंतव्यों के लिए बुकिंग हो रही है।
जॉर्डन : तुर्की की जगह नया सुरक्षित विकल्प
तुर्की के बजाय जॉर्डन को बेहतर विकल्प के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। जॉर्डन न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से आकर्षक है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह देश सुरक्षित माना जाता है। अजरबैजान के विकल्प के रूप में जॉर्जिया और आर्मेनिया को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए हुए हैं। दोनों देशों में वीजा संबंधी समस्याएं लगभग नहीं हैं और आसानी से ई-वीजा के माध्यम से यात्रा संभव है। इस बार दुर्गापूजा का गंतव्य ये स्थान हो सकते हैं। तुर्की से बहुत बढ़िया डेस्टिनेशन जॉर्डन है। यह एक ब्यूटीफुल साइट है। ऐतिहासिक रूप से भी यह बेहद आकर्षक देश है। साथ ही यह जगह सुरक्षा की दृष्टि भी सेफ है, क्योंकि इस देश का किसी भी अन्य देश से साथ कोई मनमुटाव नहीं है।
2024 में भारतीयों की विदेशी यात्रा का रुझान
2024 में भारत से तुर्की 3 लाख 33 हजार और अजरबैजान 2.25 लाख पर्यटक गये थे लेकिन अब पर्यटक इन देशों के बजाय जॉर्डन, जॉर्जिया, आर्मेनिया जैसे देशों की ओर रुख कर रहे हैं।
: नेहा सिंह