फ़ाइल फोटो  
कोलकाता सिटी

कैमक स्ट्रीट दफ्तर पर फिर लगा तृणमूल का बैनर

बैनर हटाया तो फिर लगाएंगे, अभिषेक ने दी चेतावनी

कोलकाता : कैमक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर से कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों द्वारा साइनबोर्ड हटाए जाने के बाद कुछ ही देर में वहां फिर तृणमूल के नाम और चुनाव चिह्न वाला बैनर लगा दिया गया। देर रात दफ्तर के बाहर पत्रकारों से मुखातिब डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने पुलिस और भाजपा के खिलाफ कानूनी लड़ाई की हुंकार भरी।

अभिषेक ने कहा, ‘‘जितनी बार बैनर हटाया जाएगा, उतनी बार लगाया जाएगा।’’ उन्होंने दावा किया कि दफ्तर में कोई अनैतिक या गैरकानूनी काम नहीं हो रहा था। उनके मुताबिक, यह निजी संपत्ति पर किराये पर लिया गया कार्यालय है और पिछले 6-7 वर्षों से नियमित किराया दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि उसी इमारत में लगे अन्य बिलबोर्ड क्यों नहीं हटाए गए।

गुरुवार की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दफ्तर से 12 लोगों को हिरासत में लिया था। अभिषेक ने आरोप लगाया कि भाजपा को खुश करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मामले को अदालत के समक्ष रखा गया है और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों को निलंबित कराने की भी चेतावनी दी। साथ ही आरोप लगाया कि दफ्तर के एक व्यक्ति को सातवीं मंजिल की रेलिंग से नीचे फेंकने की कोशिश की गई। अभिषेक ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।

SCROLL FOR NEXT