सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तिलजला थाना इलाके में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी से निकाले गए एक पूर्व कर्मचारी ने अपनी पुरानी चाबी का इस्तेमाल कर दुकान का ताला खोला और वहां रखी करीब 5 लाख रुपये नकदी से भरी गुल्लक लेकर फरार हो गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद तिलजला थाना की पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी है।
हिसाब में गड़बड़ी के बाद कर्मचारी को नौकरी से निकाला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तपसिया रोड स्थित उक्त दुकान के मालिक नेहाल उद्दीन (27) ने शिकायत में बताया कि अभियुक्त मो. इनायत उर्फ शाहरुख, करीब दो वर्षों से उनकी दुकान में काम कर रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जून से दुकान के कैश बॉक्स में रखी रकम के हिसाब में लगातार गड़बड़ी सामने आने लगी। जांच के दौरान कथित तौर पर पता चला कि शाहरुख कैश बॉक्स से पैसे निकाल रहा था। इसके बाद दुकान मालिक ने अपनी अतिरिक्त बचत को कैश बॉक्स में रखने के बजाय अलग गुल्लक में जमा करना शुरू कर दिया। बाद में कथित चोरी का खुलासा होने पर दुकान मालिक ने शाहरुख को नौकरी से निकाल दिया था।
तड़के तीन बजे चाबी से खोला दुकान का ताला
शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 अगस्त की देर रात करीब 3 बजे शाहरुख कथित तौर पर दुकान पर पहुंचा और अपने पुरानी चाबी से दुकान का ताला खोला और दुकान में रखी वह गुल्लक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।