कोलकाता सिटी

12 साल बाद फिर गूंजेगा 'सितार', कोलकाता लौट रहीं अनुष्का शंकर

8 फरवरी को नेताजी इंडोर में अनुष्का शंकर का कॉन्सर्ट

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : करीब एक दशक बाद महानगर में फिर से सजीव मंच पर सितार की जादूगरी बिखेरने आ रही हैं अनुष्का शंकर। वर्ष 2014 में डोवर लेन के बाद यह पहला मौका है, जब 'भारत रत्न' स्वर्गीय पंडित रविशंकर की पुत्री किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में ‘सिटी ऑफ जॉय’ में प्रस्तुति देंगी। 8 फरवरी को नेताजी इंडोर स्टेडियम में होने वाला यह कार्यक्रम उनके संगीत जीवन के तीन दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘इंडिया टूर’ का खास पड़ाव है।

इस बहुप्रतीक्षित यात्रा की शुरुआत 30 जनवरी को हैदराबाद से हो चुकी हैं। इसके बाद 31 जनवरी को बेंगलुरु, 1 फरवरी को मुंबई, 6 फरवरी को पुणे, 7 फरवरी को दिल्ली और अंत में 8 फरवरी को कोलकाता में अनुष्का का कार्यक्रम होगा। खास बात यह है कि इसी दौरान उन्हें ग्रैमी अवॉर्ड्स में दो नामांकन मिले हैं—‘चैप्टर थ्री: वी रिटर्न टू लाइट’ एल्बम और ‘डे ब्रेक’ ट्रैक के लिए।

आयोजकों के अनुसार, कोलकाता में कार्यक्रम रखने की शर्त पर ही अनुष्का इस बार इंडिया टूर के लिए राजी हुईं। आधे से ज्यादा टिकट पहले ही बिक चुके हैं। डोवर लेन में सीमित समय की प्रस्तुति से जिन श्रोताओं का मन अधूरा रह गया था, उनके लिए यह कॉन्सर्ट खास होगा, क्योंकि इस बार पूरा ‘चैप्टर थ्री’ मंच पर उतरेगा। कुछ संगीत प्रेमी एक सरप्राइज़ जुगलबंदी की भी अटकलें लगा रहे हैं, हालांकि इस पर सभी चुप हैं। इतना तय है कि 13 बार ग्रैमी-नामांकित अनुष्का शंकर अपने संगीत-यात्रा के इस मुकाम को कोलकाता में पूरे मन से यादगार बनाना चाहती हैं।

SCROLL FOR NEXT