कोलकाता : मुर्शिदाबाद जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि जिन नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उनके लिए एक विशेष फॉर्म बांटा जा रहा है और उसे जिला शासक कार्यालय में जमा भी कराया जा रहा है।
हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से इस तरह के किसी फॉर्म या प्रक्रिया को मंजूरी दिए जाने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसी मुद्दे को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने तथा तत्काल सरकारी स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की है। अधीर रंजन का कहना है कि यदि चुनाव आयोग की स्वीकृति के बिना इस तरह की कोई प्रक्रिया चलाई जा रही है, तो इससे आम मतदाताओं के बीच भ्रम और अविश्वास पैदा हो सकता है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि प्रशासन स्पष्ट करे कि यह फॉर्म किसके निर्देश पर वितरित किया जा रहा है और किस आधार पर जिला प्रशासन इसे स्वीकार कर रहा है।