अधीर रंजन चौधरी  
कोलकाता सिटी

बारुईपुर पहुंचे अधीर, पुलिस एनकाउंटर पर उठाए सवाल

पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना

कोलकाता : बारुईपुर में दुष्कर्म एवं हत्या की शिकार नाबालिग के परिजनों से बुधवार को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत पर गंभीर सवाल उठाए।

अधीर ने पुलिस की कार्यशैली पर संदेह जताते हुए कहा कि यदि पुलिस के दावे के अनुसार एक आरोपी पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर गोली चला सकता है, तो यह राज्य पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यदि यही सच है तो भविष्य में संगठित अपराधियों या आतंकियों से निपटना पुलिस के लिए और भी बड़ी चुनौती होगी। उनके अनुसार, यदि एक आरोपी पुलिस का हथियार छीन सकता है तो पुलिस की तैयारियों पर चिंता स्वाभाविक है।

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पुलिस की पेशेवर क्षमता और कार्यकुशलता प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री से उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण, बेहतर प्रशिक्षण और जनता का भरोसा बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और त्वरित सुनवाई प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सायंतन बसु ने अधीर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्रवाई उसी प्रकार की है, जैसी पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धार्थ शंकर राय के कार्यकाल में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस एनकाउंटर हुआ करते थे।

हालांकि, पुलिस अपने रुख पर कायम है। उसका कहना है कि आरोपी ने हिरासत से भागने और पुलिसकर्मी का हथियार छीनने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलानी पड़ी। मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT