सांकेतिक फोटो  
कोलकाता सिटी

एआई ट्रेडिंग और स्पेसएक्स आईपीओ के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : श्यामपुकुर थाना इलाके में एआई आधारित ट्रेडिंग और अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स के कथित आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 11.61 लाख रुपये से अधिक की रकम की ठगी किए जाने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर श्यामपुकुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वित्त मंत्री के नाम से दिखाया गया एआई ट्रेडिंग का विज्ञापन

पुलिस सूत्रों के अनुसार राजा नवकृष्ण स्ट्रीट निवासी मधुसूदन घोष देव (44) ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर प्रचारित एक एआई आधारित ट्रेडिंग सिस्टम का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन से प्रभावित होकर उन्होंने गत अप्रैल में एक फाइनेंस कंपनी में करीब 150 डॉलर (14,000 रुपये) का शुरुआती निवेश किया। पीड़ित के मुताबिक, जून तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उनका निवेश बढ़कर करीब 700 डॉलर दिखाया जाने लगा। इससे उन्हें कथित निवेश योजना पर भरोसा हो गया।

स्पेसएक्स आईपीओ में 8 से 10 गुना रिटर्न का दावा

इसके बाद कथित कंपनी के वित्तीय सलाहकार के तौर पर आर्यन अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोप है कि उसने उन्हें बताया कि एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का आईपीओ आने वाला है और इसमें एकमुश्त बड़ी रकम निवेश करने पर 8 से 10 गुना तक रिटर्न मिल सकता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जालसाजों ने कथित तौर पर क्रेडिट एग्रीमेंट का हवाला दिया और अलग-अलग खातों में रकम जमा कराने को कहा।

14 किस्तों में 11.61 लाख रुपये ट्रांसफर

आरोप है कि, 12 जून से 29 जुलाई के बीच उनसे कुल 14 अलग-अलग लेनदेन कराए गए। इस दौरान विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए कुल 11,61,294 रुपये ट्रांसफर कराए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार रकम राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों के खातों में भेजी गई। इन खातों की जांच में पुलिस को शिवम कुमार बुरवाल, मो. जसिम और रमनदीप सिंह समेत कई लोगों के नाम मिले हैं। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 29 अगस्त को उन्होंने श्यामपुकुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

SCROLL FOR NEXT