रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
सोनारपुर : सोनारपुर थाना क्षेत्र के घासियाड़ा में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार लाल रंग की कार ने खौफनाक हादसा कर दिया। अनियंत्रित कार ने पहले सड़क किनारे बैडमिंटन खेल रहे दो युवकों को रौंद डाला और फिर लैम्प पोस्ट तोड़ते हुए पास की एक दुकान में जा घुसी। इस भयावह हादसे में देवप्रसाद हाजरा (24) और सागर सरकार (16) की तत्काल मौत हो गई। दोनों मृतक घासियाड़ा के ही रहने वाले थे और एक-दूसरे के परिचित थे। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोनारपुर से तेमाथा की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक ने तेज रफ्तार के कारण गाड़ी पर काबू खो दिया। कार ने पहले सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मारी, फिर लैम्प पोस्ट को उखाड़ते हुए दुकान के भीतर घुस गई। देवप्रसाद ने मंगलवार रात घर पर फोन करके कहा था कि बैडमिंटन खेलकर जल्दी आ रहा हूँ, लेकिन बुधवार सुबह परिजनों को उसकी लाश की सूचना मिली। सागर भी घर के पास ही खेल रहा था। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद कोई उसे नोटिस नहीं कर पाया। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुँचकर तीनों को बाहर निकाला। घायल चालक को तुरंत कोलकाता के चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। सोनारपुर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और शोक की लहर है। स्थानीय लोग लंबे समय से बता रहे हैं कि घासियाड़ा-तेमाथा मुख्य मार्ग पर रात में रेसिंग का आतंक रहता है। स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त की कमी के कारण आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाने और रात में सख्त निगरानी की माँग की है। दोनों युवकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर हादसे के सटीक कारणों की जाँच कर रही है।