दक्षिण 24 परगना : नामखाना के हातानिया-दोयानिया ब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान शंकर माइती (48) के रूप में हुई है। वह नामखाना के चंदनपीड़ी के रहने वाला था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, काकद्वीप से बकखाली की ओर जा रही दो बाइकों को विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने टक्कर मार दी। एक बाइक पर दंपती सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक व्यक्ति अकेले जा रहा था। ब्रिज के नामखाना छोर पर हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अकेले बाइक चला रहे व्यक्ति उछलकर ब्रिज से नीचे सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल बाहर निकाला और इलाज के लिए द्वारिकानगर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल दंपती में पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए काकद्वीप अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही नामखाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बोलेरो को चिह्नित कर कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।