कोलकाता : ओडिशा पीजी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार प्रश्नपत्र लीक होना और परीक्षाओं का रद्द होना अब कोई अपवाद नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था की पहचान बन चुका है।
अभिषेक ने कहा कि हर बार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों की वर्षों की मेहनत और उनके सपने चकनाचूर हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल सरकार देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का दावा नहीं कर सकती।
उनका कहना था कि भाजपा ने "नया भारत" का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि "पेपर लीक, विरोध, जांच और फिर उसी घटनाक्रम की पुनरावृत्ति" व्यवस्था का हिस्सा बन गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि इस विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा।
गौरतलब है कि ओडिशा की मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा के दौरान जनरल सर्जरी के प्रश्नपत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि तस्वीरें परीक्षा केंद्र के भीतर से मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के माध्यम से ली गईं।
आरोप है कि परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर भी भेजे जा रहे थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।