अभिषेक बनर्जी  
कोलकाता सिटी

साजिश से नहीं दबेगी मेरी आवाज : अभिषेक

दमदम एयरपोर्ट की घटना को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

कोलकाता : दमदम हवाईअड्डे पर हुए हंगामे को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट परिसर में हथियार लेकर मौजूद युवक स्थानीय भाजपा नेता उत्तम दास था।

अभिषेक ने कहा कि यह घटना कोई सामान्य विरोध-प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित युवक के भाजपा नेतृत्व से करीबी संबंध हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को शुभकामनाएं देने के दौरान कांथी स्थित शांतिकुंज के बाहर भी वही युवक दिखाई दिया था।

तृणमूल सांसद ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेता की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “किसी भी योजनाबद्ध हमले या साजिश के जरिए मेरी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।”

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात दिल्ली से लौटने के दौरान अभिषेक के कोलकाता पहुंचने से पहले एयरपोर्ट पर भाजपा समर्थकों और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच तनाव बढ़ गया था। बाद में दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हाथापाई और मारपीट की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप कर हालात नियंत्रित करने पड़े।

SCROLL FOR NEXT