File Photo 
कोलकाता सिटी

जन्मदिन पर राहुल को अभिषेक की शुभकामना, अटकलें तेज

क्या कांग्रेस के और करीब आ रही है तृणमूल?

कोलकाता : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी द्वारा दी गई शुभकामना ने राष्ट्रीय राजनीति में नए संकेतों को जन्म दिया है। अभिषेक ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और राजनीतिक सफलता की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभेच्छा दी है। राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे महज औपचारिक संदेश नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत मान रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखे हमले किए थे। वहीं अब दोनों दलों के बीच बढ़ती निकटता की चर्चा तेज हो गई है। हाल के महीनों में अभिषेक बनर्जी और राहुल गांधी की दिल्ली में हुई मुलाकातों ने भी इन अटकलों को बल दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता को मजबूत करने की कोशिशों के बीच तृणमूल की रणनीति में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।

पहले जहां तृणमूल कांग्रेस खुद को कांग्रेस के विकल्प के रूप में पेश करती थी, वहीं अब पार्टी का रुख अधिक सहयोगात्मक नजर आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों और विपक्षी राजनीति के नए समीकरणों को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा सकती है।

हालांकि दोनों दलों की ओर से किसी औपचारिक राजनीतिक समझौते का संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन राहुल गांधी के प्रति अभिषेक की यह आत्मीयता राष्ट्रीय राजनीति में नई संभावनाओं की ओर इशारा जरूर कर रही है।

SCROLL FOR NEXT