File Photo 
कोलकाता सिटी

भवानी भवन नहीं पहुंचे अभिषेक, मांगी 15 दिन की मोहलत

हस्ताक्षर विवाद में अस्वस्थता के चलते टाली पेशी

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सोमवार को हस्ताक्षर विवाद मामले में पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन में पेश नहीं हुए। उन्होंने शारीरिक अस्वस्थता का हवाला देते हुए सीआईडी को पत्र भेजकर 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में चुनाव बाद हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान अभिषेक बनर्जी घायल हो गए थे। उनके जबड़े, गर्दन और सीने में दर्द की शिकायत बनी हुई है। चिकित्सकों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी है। मामला विधानसभा में विपक्ष के नेता, उपनेता और मुख्य सचेतक के चयन से जुड़े दस्तावेजों में कथित हस्ताक्षर अनियमितता से संबंधित है।

आरोप है कि 19 मई को विधायकों से हस्ताक्षर करवाए गए, लेकिन दस्तावेजों में 6 मई की तारीख दर्ज की गई। इस मुद्दे पर विवाद बढ़ने के बाद सीआईडी ने जांच शुरू की। जांच के सिलसिले में सीआईडी कई विधायकों से पूछताछ कर चुका है।

विधायक बाहारुल इस्लाम ने दावा किया कि वह 6 मई की बैठक में शामिल नहीं थे, जबकि उनके नाम से जुड़े हस्ताक्षर को लेकर सवाल उठे हैं। तृणमूल के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि किसी से जबरन हस्ताक्षर कराने का सवाल नहीं है।

इसी मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को तलब किया था। हालांकि, अब अभिषेक ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरी तरह स्वस्थ होने तक वह पूछताछ में शामिल नहीं हो पाएंगे।

SCROLL FOR NEXT