File Photo 
कोलकाता सिटी

अब 'सेवाश्रय' में भी भ्रष्टाचार के आरोप

भाजपा ने अभिषेक बनर्जी को घेरा

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य अभियान 'सेवाश्रय' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल पर भाजपा ने वित्तीय और चिकित्सकीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे मामला अब राजनीतिक हमलों के साथ-साथ संभावित कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायक देबांशु पांडा का आरोप है कि शिविरों में आधुनिक चिकित्सा के पर्चे जूनियर डॉक्टरों, होम्योपैथी और आयुष चिकित्सकों से लिखवाए गए। साथ ही मरीजों को एमआरआई और सीटी स्कैन के नाम पर अस्पतालों में भर्ती कर स्वास्थ्य साथी योजना के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

हाल ही में डायमंड हार्बर के सरिसा क्षेत्र में 'सेवाश्रय' लोगो वाली दवाएं जमीन के नीचे मिलने की घटना का हवाला देते हुए भाजपा ने पूरे अभियान की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। वही, भाजपा नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने भी आरोप लगाया कि बिना एमबीबीएस योग्यता वाले लोगों से इलाज कराया गया और गलत उपचार के मामले सामने आए।

पार्टी ने इन आरोपों के आधार पर डायमंड हार्बर में नई एफआईआर दर्ज कराने की घोषणा की है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 'सेवाश्रय' अभिषेक बनर्जी की जनकल्याणकारी छवि से जुड़ा प्रमुख कार्यक्रम रहा है। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच इस पर लगे आरोप राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT