राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : 'सेवाश्रय' परियोजना में दवाओं की खरीद और वितरण में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने एक बार फिर सांसद अभिषेक बनर्जी समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बॉबी का दावा है कि जमीन खोदकर भारी मात्रा में दवाओं की बरामदगी ही इस कथित अनियमितता का सबसे बड़ा प्रमाण है। इससे पहले डायमंड हार्बर और विष्णुपुर थानों में भी 'सेवाश्रय' में कथित अनियमितताओं को लेकर अभिषेक सहित अन्य लोगों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। अब इसी मामले में पारुलिया कोस्टल थाने में नई शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता अभिजीत ने अभिषेक के अलावा उनके करीबी सहयोगी सुमित राय, जहांगीर खान, शमीम अहमद, तत्कालीन जिलाधिकारी सुमित गुप्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि गत 10 जून को सरिषा के हिंचाबेड़िया इलाके में जमीन खोदने पर करोड़ों रुपये मूल्य की बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद हुई थीं। उनके अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में इन दवाओं को बरामद किया था। हालांकि, पारुलिया कोस्टल थाने की पुलिस ने दवाओं के नमूने तो एकत्र किए, लेकिन पहले कोई मामला दर्ज नहीं किया है। आरोप है कि बरामद दवाओं में अधिकांश की एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी।