सांसद अभिषेक बनर्जी वक्तव्य रखते हुए  
कोलकाता सिटी

मोदी बैठे, राष्ट्रपति खड़ी—अपमान कौन कर रहा है?’

मथुरापुर की सभा में तस्वीर दिखाकर अभिषेक का सवाल

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: पिछले 24 घंटों में राज्य की राजनीति में राज्य सरकार और राष्ट्रपति को लेकर विवाद सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है। इसी विवाद के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक ने एक तस्वीर दिखाकर बीजेपी पर निशाना साधा। उस तस्वीर में देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू खड़ी नजर आ रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुर्सी पर बैठे हैं। रविवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में आयोजित सभा से अभिषेक ने यह तस्वीर लोगों के सामने रखी। तस्वीर में लाल कृष्ण आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि बगल में राष्ट्रपति खड़ी हैं। अभिषेक ने दावा किया कि बीजेपी ने ही राष्ट्रपति के जरिए राजनीतिक हमला कराया है। उन्होंने कहा, “देश का दुर्भाग्य देखिए— राष्ट्रपति का पद जो राजनीति से बहुत ऊपर माना जाता है, उस पद को भी इन्होंने नहीं छोड़ा। कल उसी पद से ममता बनर्जी की सरकार पर राजनीतिक हमला कराया गया। वे कह रहे हैं कि हमारी सरकार ने राष्ट्रपति का अपमान किया। क्यों? क्योंकि ममता बनर्जी आम लोगों के हित में लड़ाई लड़ रही हैं और धरने पर बैठी थीं, इसलिए वह राष्ट्रपति का स्वागत करने नहीं जा सकीं।”इसके बाद सभा के मंच पर बड़े स्क्रीन पर वह तस्वीर दिखाई गई। अभिषेक ने बताया कि यह तस्वीर पीआईबी ने पोस्ट की थी। उन्होंने सवाल उठाया, “राष्ट्रपति का अपमान कौन कर रहा है? देश का अपमान कौन कर रहा है? बंगाल और बंगालियों का अपमान कौन कर रहा है?” उन्होंने आगे कहा, “जब मणिपुर में लगभग तीन साल से हिंसा और अशांति चल रही है और एक के बाद एक आदिवासी मूलवासी लोग हमलों का शिकार हुए, तब राष्ट्रपति की ओर से हमने कुछ नहीं सुना। राम मंदिर के उद्घाटन में राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया गया, क्योंकि वह अनुसूचित समुदाय से आने वाली महिला हैं। देश की नई संसद के उद्घाटन के समय भी राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया गया था। क्या लोग ये सब भूल गए हैं?” इसी के साथ अभिषेक ने सत्यपाल मालिक के एक साक्षात्कार का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रपति यह तय नहीं करते कि वे किससे मिलेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से सूची भेजी जाती है कि राष्ट्रपति किससे और कब मिलेंगे तथा किस तरह बैठक होगी।

SCROLL FOR NEXT