सांसद अभिषेक बनर्जी  
कोलकाता सिटी

अभिषेक के खिलाफ एक और एफआईआर

भाजपा नेता ने पहले भी दर्ज कराई है एफआईआर

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सेवाश्रय में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर भाजपा नेता अभिजीत दास उर्फ 'बॉबी' ने सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ विष्णुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिविरों में झोलाछाप और होम्योपैथी चिकित्सकों से एलोपैथिक (मॉडर्न) चिकित्सा कराई गई, बिना वैधानिक अनुमति के चिकित्सा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया, भीड़ बढ़ाने के लिए लोगों को जबरन शिविर में लाया गया तथा इलाज में लापरवाही बरती गई। शिकायत पत्र में अभिषेक के अलावा उनके करीबी सहयोगी सुमित राय, अयन घोष दस्तीदार, स्थानीय विधायक, पंचायत सदस्य और सेवाश्रय शिविर से जुड़े चिकित्सकों के नाम भी शामिल हैं। शिकायत में क्या-क्या आरोप? भाजपा नेता अभिजीत का दावा है कि सेवाश्रय के नाम पर डायमंड हार्बर के लोगों को "धोखा" दिया गया। उनका आरोप है कि शिविरों में झोलाछाप और होम्योपैथी चिकित्सकों को लाकर उनसे एलोपैथिक इलाज कराया गया। उनका यह भी दावा है कि इनमें से कई चिकित्सकों का कोई वैध मेडिकल रजिस्ट्रेशन नहीं था। अभिजीत ने एक कथित प्रिस्क्रिप्शन भी दिखाया, जिसमें मरीज का नाम और उम्र दर्ज है, लेकिन बीमारी का कोई उल्लेख नहीं है। उसमें केवल " रेफर टू अस्पताल " लिखा हुआ है। उनका आरोप है कि उस प्रिस्क्रिप्शन पर चिकित्सक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज नहीं है। इसके अलावा अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन के उपयोग के लिए कानूनन आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई थी। इसके अलावा, उनका दावा है कि सेवाश्रय में भीड़ दिखाने के उद्देश्य से स्थानीय लोगों को जबरन शिविर में लाया जाता था, ताकि कार्यक्रम को सफल साबित किया जा सके। भाजपा नेता ने दवाओं की गुणवत्ता और उनकी एक्सपायरी को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शिकायत की प्रति डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी भेजी गई है।

SCROLL FOR NEXT