जयनगर में पार्टी के उम्मीदवार विश्वनाथ दास और जयदेव हालदार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तृणमल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी  
कोलकाता सिटी

अभिषेक का भाजपा पर हमला, कहा-50 सीटों में सिमट जाएगी पार्टी

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जयनगर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। जयनगर के तृणमूल उम्मीदवार विश्वनाथ दास और मंदिरबाजार के उम्मीदवार जयदेव हालदार के समर्थन में जयनगर के गड़दोयानी मोल्लार चक स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को “ये दीदी” कहकर संबोधित करते हैं, जो महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पिछली बार प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी को “दीदी ओ दीदी” कहकर संबोधित किया था, और उस समय भाजपा 77 सीटों पर सिमट गई थी। लेकिन इस बार भाजपा का रवैया अलग नजर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा 50 सीटों पर सिमट जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा “डर का माहौल” बनाने की राजनीति कर रही है, लेकिन जनता 29 अप्रैल को मतदान के जरिए इसका जवाब देगी। उन्होंने भाजपा को “बंगाल विरोधी” बताते हुए कहा कि पार्टी में भ्रष्ट और बेईमान लोगों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को हराने की अपील की। अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि जयनगर और मंदिरबाजार क्षेत्रों में कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जयनगर के “मोया” के विकास के लिए 2.12 करोड़ रुपये की लागत से एक हब बनाया गया है। “मोया” को जीआई टैग मिल चुका है और अब इसका निर्यात कई देशों में हो रहा है। अंत में उन्होंने दोनों उम्मीदवारों की जीत का अंतर बढ़ाने की अपील करते हुए जयनगर में 60 हजार और मंदिरबाजार में 40 हजार वोटों से जीत दिलाने का आह्वान किया।

SCROLL FOR NEXT