राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम में आयोजित एक चुनावी सभा में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के अन्य केंद्रीय नेता राज्य में नजर नहीं आएंगे और सभी “बाहरी नेता” वापस लौट जाएंगे। यह सभा उस्ती के केपीसीएम इंस्टीट्यूशन मैदान में मगराहाट पूर्व की उम्मीदवार शर्मिष्ठा पुरकाईत और मगराहाट पश्चिम के उम्मीदवार शमीम अहमद के समर्थन में आयोजित की गई थी। अपने भाषण में बनर्जी ने नोटबंदी और एलपीजी जैसी नीतियों को गरीबों के लिए परेशानी का कारण बताते हुए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने मतदाताओं से 29 अप्रैल को तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। साथ ही उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद आईएसएफ के नौशाद सिद्दीकी और भाजपा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी।उन्होंने आईएसएफ और कुछ अन्य नेताओं पर भाजपा की “बी टीम” की तरह काम करने का आरोप लगाया और नंदीग्राम में अलग-अलग उम्मीदवार उतारने पर सवाल उठाए। बनर्जी ने यह भी कहा कि मगराहाट की दोनों सीटों पर जीत के बाद डायमंड हार्बर की तरह सेवाश्रय कैंप शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कोविड-19 के दौरान भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय ही वे सक्रिय होते हैं। सभा के अंत में उन्होंने मगराहाट पश्चिम में भारी जीत का दावा दोहराया।