अभिषेक बनर्जी  
कोलकाता सिटी

अभिषेक ने की कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील

चुनावी हार के बाद संगठन मजबूत करने पर जोर

कोलकाता: बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी में मंथन का दौर शुरू हो गया है। परिणामों के बाद जहां संगठन के भीतर विभिन्न स्तरों पर असंतोष की आवाजें उठ रही हैं, वहीं पार्टी नेतृत्व ने आगे की रणनीति को लेकर एकजुट रहने का संदेश दिया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया, ईवीएम के रखरखाव और वीवीपैट स्लिप की गणना को लेकर कई गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मतगणना केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी दोहराई।

अभिषेक ने यह भी कहा कि पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में अनियमितताओं के कारण परिणाम प्रभावित होने का दावा किया है और इस विषय पर गंभीर जांच की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कठिन समय में मनोबल बनाए रखें और एकजुट रहें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को किसी प्रकार की हिंसा, धमकी या दबाव का सामना करना पड़ रहा है, तो वह सीधे उनसे संपर्क करें। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि तृणमूल कांग्रेस अब केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर एक मजबूत और सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभाएगी। चुनाव के बाद के राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने पर है।

SCROLL FOR NEXT