आनंदपुर में इसी कार की टक्कर से हुई युवक की मौत
अन्य युवक गंभीर रूप से घायल
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
त्योहार के माहौल के बीच कोलकाता के आनंदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार को तड़के करीब 4 बजे आरबना के पास चौबागा और आनंदपुर रोड क्रॉसिंग पर एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रत्युष तनय (20) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम प्रसून कुमार (24) है। मृत प्रत्युष बिहार के मुजफ्फरपुर का रहनेवाला था।
कैसे
हुआ हादसा?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर चौबागा रोड से आनंदपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने आनंदपुर रोड की तरफ मुड़ने के लिए बाइक को मोड़ा, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मोटरसाइकिल चालक प्रत्युष पाणाई को नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक प्रसून कुमार को इलाज के लिए रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कार छोड़कर चालक फरार
दुर्घटना के बाद कार का चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय वाहन की गति कितनी थी और हादसे के पीछे किसकी लापरवाही थी।