कैनिंग : चोरी के संदेह में एक युवक की सामूहिक रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम शेख जामीर था। वह श्रमिक का काम करता था। वह मूलतः घुटियारी शरीफ के रवींद्रनगर का रहने वाला था। कुछ दिनों से वह कैनिंग इलाके में रह रहा था। यह सनसनीखेज घटना कैनिंग थाना अंतर्गत तालदी इलाके में घटी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, "सन्मार्ग" ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के कुछ लोगों ने चोरी के संदेह में युवक को पकड़ लिया। बांस और लाठी से उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कैनिंग थाने की पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, "सुबह के 5 बज रहे थे। वे लड़के को रस्सियों से बाँधकर पीट रहे थे। वे बाँस के डंडे लेकर आए थे। लड़का गिड़गिड़ा रहा था, बार-बार कह रहा था कि उसे गलत समझा जा रहा है। फिर भी किसी ने नहीं रोका।"एक अन्य ने कहा, "वह चोरी करने आया था, इसलिए उसे पीटा गया। वहाँ 4–5 लोग थे। उन्होंने उसे डंडों से पीटा। लेकिन उन्होंने इस तरह कानून को हाथ में नहीं लेना चाहिए था।"
कैनिंग एसडीपीओ ने यह कहा
कैनिंग के एसडीपीओ राम कुमार मंडल ने कहा कि इस हत्या कांड की सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अदालत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।