कोलकाता : दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर पानाकुआ इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक अनिश घोड़ई (18) था, जो वहीं का स्थानीय निवासी था। घटना उस वक्त हुई जब अनिश अपने घर के अंदर नहाने के लिए गया था। घर में लगे सबमर्सिबल पंप के कारण अचानक करंट का झटका लग गया और वह बिजली की चपेट में आ गया। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अनिश नहाने के लिए पानी से भरे स्थान के पास था। उस वक्त पंप भीगा हुआ था और पानी के संपर्क में होने के कारण विद्युत करंट का झटका उसे लगा। करंट लगते ही अनिश बेसुध होकर गिर पड़ा। घर के अन्य सदस्य जब यह घटना देखे तो उन्होंने तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह अपनी जान गंवा चुका था। विष्णुपुर थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह एक दुखद दुर्घटना मानी जा रही है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई सुरक्षा उल्लंघन तो नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अनिश का परिवार इस घटना से बुरी तरह प्रभावित है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर बिजली उपकरणों के सही इस्तेमाल और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में लगे इलेक्ट्रिकल उपकरणों की नियमित जांच कराएं और सावधानी बरतें ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही, स्थानीय स्तर पर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया गया है। यह दुखद घटना पूरे इलाके में सदमे का माहौल बना गई है और लोगों को बिजली सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।