AAKAR ने प्रस्तुत किया ‘नायाब रिजर्वे’ 
कोलकाता सिटी

कोलकाता में सजा भारत की विरासत कला का अनूठा संसार, AAKAR ने प्रस्तुत किया ‘नायाब रिजर्वे’

5 से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कलाकारों की 40 से ज्यादा कलाकृतियां प्रदर्शित; केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारतीय पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से AAKAR ने कोलकाता में दो दिवसीय विशेष कला प्रदर्शनी ‘नायाब रिजर्वे’ का आयोजन किया। इसमें देश के 25 से अधिक प्रतिष्ठित कलाकारों की 40 से ज्यादा उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इन कलाकारों को पद्मश्री, शिल्प गुरु और राष्ट्रीय पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। उन्होंने भारतीय पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की। यह आयोजन VISA Trust के विषंभर सरन और विशाल अग्रवाल के परिसर में आयोजित हुआ।

प्रदर्शनी में वारली, कावि, कलमकारी, माता नी पछेड़ी, मधुबनी, सिल्वर मीनाकारी और मिनिएचर पेंटिंग सहित 28 पारंपरिक कला शैलियों का प्रदर्शन किया गया। AAKAR की सह-संस्थापक भावना अग्रवाल और ऋतु बंसल ने कहा कि कोलकाता की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बीच भारतीय कलाकारों की उत्कृष्ट कृतियां प्रस्तुत करना उनके लिए गौरव का विषय है।

वहीं, नायाब की संस्थापक निदेशक कनिका सिंघल और अजय ए सिंह ने बताया कि संस्था लक्जरी आवासों और होटलों के लिए कलाकारों द्वारा विशेष रूप से तैयार कलाकृतियों की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। मधु नियोटिया ने प्रदर्शनी को भारतीय कला और शिल्प कौशल की विशिष्ट अभिव्यक्ति बताया।

SCROLL FOR NEXT