कोलकाता : पश्चिम बंगाल को जल्द ही एक नया और अत्याधुनिक विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। राज्य सरकार ने न्यूटाउन में लगभग 40 एकड़ भूमि पर नए विधानसभा परिसर के निर्माण की योजना बनाई है।
यह भवन नई दिल्ली के नए संसद भवन की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। प्रस्तावित परिसर में 400 से अधिक विधायकों के बैठने की व्यवस्था, विधानसभा सचिवालय, विधायकों के लिए हॉस्टल और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
भविष्य को ध्यान में रखकर योजना
मुख्यमंत्री ने विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा करते हुए कहा कि वर्तमान विधानसभा में 294 विधायक हैं, लेकिन भविष्य में परिसीमन और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 400 से अधिक हो सकती है।
ऐसे में मौजूदा विधानसभा भवन भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम नहीं होगा। इसी कारण अभी से बड़े और आधुनिक भवन की योजना तैयार की जा रही है।
हॉस्टल, सचिवालय और आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित विधानसभा परिसर में केवल सदन ही नहीं, बल्कि विधायकों के लिए आधुनिक हॉस्टल, विधानसभा सचिवालय, अत्याधुनिक बैठक कक्ष, डिजिटल मतदान प्रणाली, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सरकार का कहना है कि परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
वर्तमान विधानसभा भवन रहेगा सुरक्षित
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोलकाता स्थित वर्तमान विधानसभा भवन का ऐतिहासिक और विरासत महत्व बरकरार रहेगा। नया भवन बनने के बाद भी पुरानी विधानसभा इमारत को संरक्षित रखा जाएगा।
इसके साथ ही वर्तमान विधायक भवन, कैंटीन और पुस्तकालय के आधुनिकीकरण तथा विधायकों की उपस्थिति और कार्य प्रदर्शन को सार्वजनिक करने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था और वेबसाइट विकसित करने की भी योजना है।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल करेगा भूमि का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि प्रस्तावित 40 एकड़ भूमि का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ निरीक्षण किया जाए और लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया जाए। इसके बाद निर्माण कार्य की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी।