सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारीजी द्वारा दिए गए “स्वच्छता से स्वागत” के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाने के साथ स्वच्छता के प्रति सामाजिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन ट्रस्ट द्वारा मंगलवार प्रात 8 बजे एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में शामिल पदाधिकारियों में ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन (काला), उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन पांड्या, सचिव सीए कमल नयन जैन एवं संयोजक सुरेश पाटनी के साथ अन्य सदस्यों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान इलाके की सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों एवं आसपास के परिसरों की सफाई की गई। राष्ट्रहित से जुड़े इस अभियान में उपस्थित स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया और स्थानीय नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन (काला) ने कहा कि मुख्यमंत्री का “स्वच्छता से स्वागत” अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी भी विकसित और जागरूक समाज की पहचान होती है, तथा जनभागीदारी के बिना कोई भी स्वच्छता अभियान पूर्ण सफलता प्राप्त नहीं कर सकता। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के सेवा-भाव एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार जैन पाण्ड्या ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे संस्कारों, अनुशासन और सामाजिक चेतना का प्रतिबिंब भी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घरों को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिकों का कर्तव्य होना चाहिए कि वे अपने मोहल्ले, सड़क, पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों को भी अपना मानकर उनकी भी मन से देखभाल करें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
ट्रस्ट के सचिव सीए कमल नयन जैन ने कहा कि स्वच्छता किसी भी स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता से स्वागत” अभियान का वास्तविक उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में स्थायी जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना का निर्माण करना भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास के इलाके को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया।
इस अभियान में ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों, उनके परिजनों, जैन समाज के प्रबुद्ध नागरिकों , युवाओं एवं महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। सभी स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं सेवा-भाव के साथ श्रमदान कर यह संदेश दिया कि जब समाज स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाता है, तब परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि “हम सभी न गंदगी करेंगे, न किसी को करने देंगे।” “स्वच्छता को अपनी दिनचर्या की आदत बनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए हमेशा प्रेरित करेंगे।” ट्रस्ट की ओर से इस अभियान में सहयोग एवं सहभागिता प्रदान करने वाले सभी नागरिकों, स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। ट्रस्ट ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।