सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर आलमबाजार में बाबा श्याम का जन्मोत्सव चार दिवसीय धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। बारिश भी श्याम भक्तों के उत्साह को रोक नहीं पाई और मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर राज्य मंत्री उमेश राय, विधायक सजल घोष एवं पूर्व विधायक दिनेश बजाज मंदिर में पधारे और बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर की ओर से सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर सभी विशिष्ट अतिथियों ने श्याम भक्तों को श्री श्याम जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने मंदिर में आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए मंदिर की ओर से किए जा रहे जनसेवा के कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और चार दिवसीय जन्मोत्सव के भव्य आयोजन की भी सराहना की।
चार दिवसीय आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें नानी बाई का मायरा, एकादशी कीर्तन तथा द्वादशी कीर्तन प्रमुख आकर्षण रहे। भजन-कीर्तन और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रमों में शामिल हुए और बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
बाबा श्याम के दर्शन के लिए कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे। श्री श्याम मंदिर आलमबाजार, जिसे भक्त प्रेमपूर्वक 'कोलकाता का खाटू धाम' कहते हैं, मंदिर में श्री श्याम जन्मोत्सव से लेकर फाल्गुन मेले तक निशान अर्पण की विशेष परंपरा देखने को मिलती है।
कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, बर्दवान एवं बंडेल सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं बाबा के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए निशान यात्रा निकालकर बाबा को निशान अर्पित करते हैं। चार दिवसीय जन्मोत्सव ने एक बार फिर यह दर्शाया कि श्याम भक्तों की आस्था मौसम की कठिनाइयों से भी कहीं अधिक मजबूत है। बारिश के बीच भी भक्तों का उत्साह और बाबा के प्रति उनकी श्रद्धा देखते ही बन रही थी।