राइटर्स के समीप बहुमंजिला इमारत में आग 
कोलकाता सिटी

राइटर्स के समीप के एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग

कई दफ्तर जलकर खाक

Ravi

कोलकाता : महानगर के मध्य स्थित लायंस रेंज में सोमवार तड़के एक बहुमंजिला कार्यालय भवन में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह इमारत पुराने राज्य सचिवालय राइटर्स बिल्डिंग के पीछे स्थित है। आग की चपेट में आने से कई कार्यालयों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, दफ्तरों में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंप्यूटर जलकर नष्ट हो गए।

चौथी मंजिल से शुरू हुई आग, 10 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे इमारत से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर तत्काल 10 दमकल गाड़ियों को भेजा गया।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग इमारत की चौथी मंजिल से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के हिस्सों में फैल गई। भवन में चार से पांच संगठनों के कार्यालय संचालित होते हैं।

सुबह तक आग पर काबू, नुकसान का आकलन शुरू

दमकलकर्मियों ने सुबह तक आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था, लेकिन सुबह 8 बजे के बाद भी कुछ स्थानों पर आग सुलग रही थी। इन हिस्सों की पहचान के लिए स्मोक डिटेक्टर और गैस मास्क का इस्तेमाल किया गया।

इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी। दमकल विभाग भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि नुकसान और नष्ट हुए दस्तावेजों का आकलन किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT