सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : साइंस सिटी ऑडिटोरियम में हरि ओम स्माइल्स की ओर से आयोजित भव्य कार्यक्रम “Zeal to Heal” आत्मिक ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मक जीवन के संदेशों से सराबोर रहा। इस विशेष अवसर पर देश–विदेश से आए हजारों उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक ज्ञान, हीलिंग तकनीकों और जीवन के गहरे रहस्यों को समझने का अवसर पाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण थीं प्रसिद्ध मोटिवेशनल लाइफ कोच और सशक्त आध्यात्मिक वक्ता मोनिका सिंघल, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली वाणी और सरल जीवन–अनुभवों से सभी का मन मोह लिया।
मोनिका जी ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय आध्यात्म केवल अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके पीछे गहन वैज्ञानिक आधार और जीवन को स्वस्थ, सफल व संतुलित बनाने की अनोखी क्षमता छिपी है। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से यह समझाया कि नियमित आध्यात्मिक साधना, ध्यान, ऊर्जा-संतुलन और सकारात्मक विचार व्यक्ति के शरीर, मन, धन और संबंधों पर कितना गहरा प्रभाव डालते हैं। उन्होंने ऐसे अनेक उदाहरण और प्रक्रियाएँ साझा कीं जिनसे लोगों ने वर्षों पुरानी शारीरिक बीमारियों, मानसिक तनाव, आर्थिक कठिनाइयों और रिश्तों की कटुता से मुक्ति पाई है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हरि ओम स्माइल्स की एन्जिल्स का विशेष योगदान रहा। कोलकाता से सुमन अग्रवाल और अलका गुप्ता, तथा चंडीगढ़ से आस्था जैन, आशिमा जैन और प्रियंका जी ने पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी समर्पित सेवा और सकारात्मक ऊर्जा ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।
साइंस सिटी ऑडिटोरियम में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने पूरे कार्यक्रम को उत्साह और श्रद्धा के साथ सुना। उपस्थित जनों ने बताया कि मोनिका जी के विचारों ने उनकी सोच पर गहरा प्रभाव डाला और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की नई प्रेरणा दी।
हरि ओम स्माइल्स संस्था अपने उद्देश्य “सर्वे भवंतु सुखिनः” को पूरे देश और विदेश में फैलाने के लिए निरंतर कार्यरत है। संस्था का लक्ष्य लोगों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाना है ताकि समाज में सामूहिक रूप से शांति, स्वास्थ्य और खुशी का प्रसार हो। “Zeal to Heal” कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसने हजारों लोगों के मन–मस्तिष्क में नई आशा और ऊर्जा का संचार किया।